पंचायतीराज आम चुनाव-2026: द्वितीय एवं तृतीय चरण के मतदान दल राजकीय एलबीएस कॉलेज कोटपूतली से होंगे रवाना
पंचायत समिति व जिला परिषद चुनाव के लिए ईवीएम तथा सरपंच-पंच चुनाव की सामग्री का वितरण भी यहीं से; उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए सुचारू व्यवस्थाओं के निर्देश
कोटपूतली-बहरोड़/भारत कुमार शर्मा
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन हेतु द्वितीय एवं तृतीय चरण का मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दलों की रवानगी राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, कोटपूतली से की जाएगी। मतदान दलों को निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं अन्य सामग्री का वितरण महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम से किया जाएगा।
स्ट्रांग रूम से होगा सामग्री का वितरण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। राजकीय एलबीएस महाविद्यालय में बने स्ट्रांग रूम से पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव के लिए ईवीएम तथा सरपंच एवं पंच पदों के लिए आवश्यक मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम प्रशिक्षण के बाद सामग्री सौंपकर मतदान दलों को संबंधित केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
अंतिम प्रशिक्षण में कार्मिकों की उपस्थिति अनिवार्य
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान दलों में नियुक्त समस्त कार्मिक निर्धारित कार्यक्रमानुसार अंतिम चरण के प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान संबंधी दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी हासिल करना प्रत्येक कार्मिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि मतदान दिवस पर सभी कार्य नियमानुसार संपादित हो सकें।
निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने का आह्वान
उन्होंने सभी कार्मिकों को समय पर प्रशिक्षण स्थल पहुँचने तथा अपनी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आह्वान किया कि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

