नारायणपुर में 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ शानदार समापन: भांकरी विद्यालय और आरपीएस बहरोड़ ने जीती चैंपियनशिप
नारायणपुर | भारत कुमार शर्मा
नारायणपुर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रंगारंग और उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने की। इस चार दिवसीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ गत 9 अक्टूबर को शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक बी.डी. गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी (कोटपूतली-बहरोड़) श्रीमती कोशलेन्द्र मीणा और सीबीईओ रामस्वरूप मीणा के आतिथ्य में हुआ था।
भांकरी और आरपीएस बहरोड़ ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक गजराज सिंह शेखावत ने परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि रोमांचक मुकाबलों के बाद इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भांकरी ने अपने नाम की, जबकि बालिका वर्ग की चैंपियनशिप आरपीएस बहरोड़ की झोली में गई।
कुलदीप और दिव्या बने 'बेस्ट एथलीट'
व्यक्तिगत प्रदर्शन में शानदार खेल दिखाते हुए बालक वर्ग में राजकीय विद्यालय भांकरी के कुलदीप कटारिया और बालिका वर्ग में आरपीएस बहरोड़ की दिव्या को 'बेस्ट एथलीट' चुना गया। इसके अलावा, स्थानीय विद्यालय की छात्रा प्रिया ने ऊंची कूद और छात्र रितेश ने गोला फेंक (शॉट पुट) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय निदेशक आरडी सराधना, एमडी एडवोकेट जयसिंह गुर्जर व अन्य गणमान्य अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजयी रहे प्रतिभावान खिलाड़ियों को मोमेंटो और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को सफल बनाने में शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक प्रधानाचार्य इंद्राज गुर्जर, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक सुमेर सिंह मीणा, विजय चौधरी, बालिका वर्ग की मुख्य निर्णायक अर्चना चौधरी, चयन समिति सदस्य रामकिशोर यादव और विक्रम मीणा सहित सभी निर्णायक मंडल के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।

