पंचायत चुनाव को लेकर महुवा पुलिस अलर्ट, आरएसी के साथ निकाला फ्लैग मार्च संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का लिया जायजा
महुवा / अवधेश अवस्थी
पंचायती राज चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से महुवा थाना पुलिस ने थाना अधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में महुवा थाना सहित आरएसी बल के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला।
इस दौरान थाना अधिकारी महेंद्र यादव ने ग्रामीणों को निर्भीक होकर मतदान करने और चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
थानाधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस थाना महुवा के जाप्ते एवं आरएसी बल ने महुवा थाना क्षेत्र केपाली, टोडरा, कोलारा, सिंदुकी, सालिमपुर, भोपर टप्पा, खो कला, सीत और बहड़को सहित विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस जवानों ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील इलाकों तथा मतदान केंद्रों के आसपास भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे के नियमों की दी जानकारी
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आमजन को मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे से संबंधित नियमों की पालना करने के लिए समझाइश की। साथ ही मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

