संविधान दिवस पर महुवा के महात्मा गांधी कॉलेज से निकली जागरूकता रैली, निबंध प्रतियोगिता में दिखी युवाओं की प्रतिभा
संविधान दिवस पर महुवा के महात्मा गांधी कॉलेज से निकली जागरूकता रैली, निबंध प्रतियोगिता में दिखी युवाओं की प्रतिभाप्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई शुरुआत, ‘महिला सशक्तिकरण में डॉ. अंबेडकर का योगदान’ विषय पर विद्यार्थियों ने लिखे विचार
महुवा (अवधेश अवस्थी)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय महात्मा गांधी ग्रुप ऑफ कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता एवं संविधान जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रस्तावना वाचन व निबंध प्रतियोगिता में दिखाया कौशल कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुई। इसके पश्चात निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने ‘महिला सशक्तिकरण में डॉ. अंबेडकर का योगदान’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी लेखन प्रतिभा, तार्किक विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, दिया एकता व न्याय का संदेश निबंध प्रतियोगिता के बाद निदेशक डॉ. प्रहलाद कुमार शर्मा, टीटी कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र सैनी और पीजी कॉलेज प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सैनी ने हरी झंडी दिखाकर महाविद्यालय परिसर से संविधान जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को संविधान के सम्मान, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश दिया तथा संवैधानिक आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
संवैधानिक आदर्शों के पालन का किया आह्वान टीटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान में निहित आदर्शों का पालन करे और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाए। अंत में पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सैनी ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी मनीष कुमार शर्मा, डॉ. दिलीप सिन्हा, संजय कुमार, कुलदीप सिंह, मूलचंद शर्मा, मीनू शर्मा, डॉ. अपर्णा श्रीवास्तव सहित अन्य प्रवक्तागण मौजूद रहे।

