अप्रैल में जून जैसी तपिश, 39 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किले
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) उप खंड क्षेत्र मेंअप्रैल माह में जून जैसी भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। सूरज की तेज तपिश और लगातार चल रही गर्म हवाओं के चलते दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पिछले तीन से चार दिनों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है।सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगती है। और दोपहर के समय हालात लू जैसे बन जाते हैं। गर्म हवा के थपेड़ों के कारण सड़कों और बाजारों में आवाजाही भी कम हो गई है।
लू के थपेड़ों से सड़कों पर कम हुई आवाजाही
दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो रहे हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी सिर ढककर और पानी साथ लेकर चल रहे हैं। विवाह सीजन होने के बावजूद गर्मी के कारण बाजारों में भी भीड़ कम दिखाई दे रही है।
प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी
गर्मी के साथ-साथ प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। खराब वायु गुणवत्ता के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खंड उपमुख चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रूपेंद्र शर्मा का कहना है कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और हल्के व ढीले कपड़े पहनें।
गर्मी से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
- दिनभर में बार-बार पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी पिएं
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।सूती और ढीले कपड़े पहनें
- बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें
- खीरा, तरबूज, खरबूजा और दही जैसी ठंडी चीजें खाएं। तला-भुना भोजन कम करें और हल्का खाना खाएं।
- पंखा, कूलर या एसी से कमरे को ठंडा रखें
- दिन में एक से अधिक बार स्नान करने से शरीर ठंडा रहता है।
- चक्कर, सिरदर्द या उल्टी महसूस हो तो तुरंत आराम करें और पानी पिएं खाली पेट धूप में बाहर न निकलें।


