स्वर्गीय छोटेलाल यादव की स्मृति में पक्षियों के लिए लगाए जाएंगे परिंडे; बेटों ने लिया सेवा का संकल्प
पचलंगी (उदयपुरवाटी/ सुमेरसिंह राव)। भीषण गर्मी के दस्तक देते ही बेजुबान पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था करने हेतु पचलंगी निवासी स्वर्गीय छोटेलाल यादव की पावन स्मृति में विशेष सेवा अभियान शुरू किया जाएगा। स्वर्गीय यादव के पुत्रों, वीरेंद्र यादव और महावीर यादव ने अपने पूजनीय पिताजी की याद में सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक परिंडे लगवाने का संकल्प लिया है।
स्वर्गीय छोटेलाल यादव के पुत्र महावीर यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी के लिए दर-दर न भटकना पड़े, इसके लिए गांव व आसपास के सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों और छायादार वृक्षों पर परिंडे बांधकर उनमें नियमित जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय छोटेलाल यादव के दोनों पुत्र वीरेंद्र और महावीर यादव अपने पिताजी की स्मृति को जीवंत रखने के लिए पचलंगी क्षेत्र में समय-समय पर विभिन्न समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहते हैं। ग्रामीणों ने उनके इस संकल्प की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और जीव-दया की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया है। परिजनों का मानना है कि बेजुबान पक्षियों की सेवा ही उनके पिताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।


