जैसलमेर में 'अंगदान जीवन संजीवनी अभियान': नर्सिंग-ANM छात्रों की भव्य रैली, 'अंगदान महादान' के नारों से गुंजा शहर
जैसलमेर में राजकीय नर्सिंग कॉलेज और एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की ओर से बुधवार को एक बड़ी जागरूकता रैली निकाली गई। जवाहिर हॉस्पिटल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. रविन्द्र सांखला, नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल प्रेमचंद पंवार और एएनएम सेंटर के प्रिंसिपल लोकेश कुमार डिगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका मुख्य मकसद लोगों के मन से अंगदान को लेकर फैली गलतफहमियों को दूर करना और उन्हें इस अच्छे काम के लिए प्रेरित करना था। रैली राज्य सरकार के 'अंगदान जीवन संजीवनी अभियान' के तहत निकाली गई। छात्रों ने शहर के मुख्य रास्तों से गुजरते हुए लोगों को जागरूक किया। अंगदान इंसानियत की सबसे बड़ी सेवा रैली में शामिल नर्सिंग और एएनएम के छात्र-छात्राओं के हाथों में कई तरह के पोस्टर और बैनर थे। पूरी रैली के दौरान छात्र "अंगदान महादान", "अंगदान से जीवनदान" और "मृत्यु के बाद भी दें जीवन का तोहफा" जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस मौके पर पीएमओ डॉ. रविन्द्र सांखला ने कहा- अंगदान इंसानियत की सबसे बड़ी सेवा है। हमारे देश में हर साल हजारों लोग समय पर लिवर, किडनी या दिल न मिलने की वजह से जान गंवा देते हैं। अगर लोग अंगदान को लेकर सकारात्मक सोच अपनाएं, तो कई लोगों का घर उजड़ने से बच सकता है। कई लोगों को मिल सकती है नई जिंदगी नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल प्रेमचंद पंवार ने बताया- एक इंसान अपने जाने के बाद भी कई लोगों को नई जिंदगी दे सकता है। हमारे नर्सिंग के छात्र गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे। वहीं, एएनएम सेंटर के प्रिंसिपल लोकेश कुमार डिगरवाल ने कहा कि अंगदान सिर्फ इलाज से जुड़ी बात नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। रैली का समापन एक खास शपथ के साथ हुआ। इसमें मौजूद सभी डॉक्टरों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने वादा किया कि वे अंगदान के इस संदेश को हर आम इंसान तक पहुंचाएंगे और लोगों को जागरूक करने में पूरी मदद करेंगे।


