दिपावली मनाने घर लौटे चार दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिरी
बलिया / शशि जायसवाल
दीपावली का पावन त्योहार मनाने अपने घर लौटे चार दोस्तों की जिंदगियां शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में हमेशा के लिए बुझ गईं। नगरा थाना क्षेत्र के नगर-बेल्थरा रोड मार्ग पर निछुआडीह के पास हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और कई बार पलटते हुए सड़क से करीब 20 मीटर दूर गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे चारों दोस्त कार में सवार होकर बाजार से अपने गांव गौवापार लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एयरबैग खुलने के बावजूद किसी की जान नहीं बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
होनहार युवाओं की मौत से गांव में छाया सन्नाटा हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बलिया के गौवापार गांव के रहने वाले थे, जिनकी उम्र 19 से 27 वर्ष के बीच थी।
-
अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और उनकी शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी।
-
कुणाल पासवान (21) आईटीआई के बाद प्रयागराज में रहकर रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहे थे।
-
गोलू ठाकुर (21) सेना और पुलिस में जाने का सपना देख रहे थे।
-
धनंजय (22) निजी शिक्षण कार्य के साथ सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे थे।
त्योहार पर घर आए इन होनहार युवाओं की एक साथ चार अर्थियां उठने से पूरे गांव में दीपावली की खुशियां मातम और आंसुओं में बदल गई हैं। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

