तखतगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध MD ड्रग्स के साथ बलाना का युवक गिरफ्तार
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) पाली जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देशन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तखतगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3.26 ग्राम अवैध एम.डी. (MDMA) ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
तखतगढ़ थानाधिकारी शैतान सिंह सारण ने बताया कि मंगलवार, 21 अप्रैल को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब टीम निकटवर्ती ग्राम बलाना पहुँची, तो पुलिस वाहन को देखकर एक युवक संदिग्ध रूप से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर रोका। तलाशी लेने पर युवक के पास मौजूद एक प्लास्टिक की थैली से 3.26 ग्राम अवैध एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई। युवक से नाम पता पूछने पर शक्ति सिंह पुत्र दलवीर सिंह राजपूत उम्र: 27 वर्ष निवासी: ग्राम बलाना, थाना तखतगढ़ होना बताया।
पुलिस ने अवैध ड्रग्स को जब्त कर आरोपी शक्ति सिंह के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच (अनुसंधान) साण्डेराव थानाधिकारी श्यामराज सिंह को सौंपी गई है, ताकि इस नशीले पदार्थ की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके


