मकराना नगर परिषद में विशेष शिविरों का आगाज़: पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे व्यापारियों को मिलेगा बिना गारंटी ऋण
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। नगर परिषद मकराना द्वारा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना' के अंतर्गत एक विशाल लोक कल्याण मेले और विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नगर परिषद मकराना कार्यालय परिसर में जून माह के विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाएंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य शहर के पथ विक्रेताओं, छोटे व्यापारियों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। नगर परिषद प्रशासन के अनुसार, आमजन की सुविधा के लिए यह शिविर 8 से 12 जून, 15 से 16 जून, 18 से 19 जून, 22 से 25 जून, 29 से 30 जून को नगर परिषद मकराना में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। शिविर के माध्यम से शहरी क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स, फेरी वाले, हॉकर, गिग वर्कर्स, भवन निर्माण श्रमिक, दस्तकार, पारंपरिक कारीगर, ट्रांसपोर्ट वर्कर्स और रेग पिकर (कचरा बीनने वाले) सहित असंगठित क्षेत्र के तमाम लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे व्यापारियों को अपनी आजीविका बढ़ाने के लिए बिना किसी गारंटी के आसान ऋण (लोन) उपलब्ध कराया जाता है। इस विशेष अभियान के दौरान प्रथम ऋण ₹15,000 तक, द्वितीय ऋण ₹25,000 तक, तृतीय ऋण ₹50,000 तक के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ ही, पूर्व में स्वीकृत हो चुके ऋणों का वितरण, लंबे समय से लंबित पड़े मामलों का त्वरित निस्तारण तथा ऋण नवीनीकरण (रिन्यूअल) की कार्रवाई भी मौके पर ही की जाएगी।
इन विशेष शिविरों में विभिन्न राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के प्रतिनिधि स्वयं उपस्थित रहेंगे, जो मौके पर ही आवेदनों की जांच कर आवश्यक बैंकिंग प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके अलावा, लाभार्थियों को डिजिटल भुगतान से जोड़ने के लिए यूपीआई व क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जाएंगे और उनके मोबाइल में 'पीएम स्वनिधि ऐप' इंस्टॉल करवाकर डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
नगर परिषद मकराना ने शहर के सभी पात्र पथ विक्रेताओं, छोटे व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचें। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जन आधार कार्ड, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।


