हज यात्रा 2026 हेतु 5106 हज यात्रियों ने किया रजिस्ट्रेशन, पिछले साल से अधिक आये हज आवेदन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजस्थान स्टेट हज कमेटी को हज यात्रा 2026 पर जाने वाले हज यात्रियों के आवेदन भरने का सिलसिला 7 अगस्त को समाप्त हो चुका है। हज कमेटी के अधिशासी अधिकारी अबु सुफियान ने बताया कि 7 अगस्त तक राजस्थान से 5106 हज यात्रियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया और 4587 हज यात्रियों ने पूर्ण आवेदन भरे हैं। नागौर जिला हज कमेटी के पूर्व जिला संयोजक हाजी मोईनुद्दीन अशरफी ने जानकारी देते हुए बताया की राजस्थान हज कमेटी के द्वारा 2712 हज यात्रियों को हज के कवर नम्बर जारी कर दिए हैं। हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी शाहिद मौहम्मद ने बताया कि बाकी बचे लोगों के द्वारा भरे गये आवेदन की जांच कर सभी हज आवेदन कर्ताओं को जल्द ही राजस्थान हज कमेटी द्वारा कवर नम्बर जारी कर हज यात्रियों को एस एम एस के द्वारा सूचना भेज दी जाएगी। हाजी शाहिद मौहम्मद ने बताया कि पिछले साल राजस्थान को सेंट्रल हज कमेटी मुम्बई के द्वारा 4392 हज यात्रियों का कोटा अलॉट किया गया था और इस साल भी लगभग यही कोटा आवंटित किया जायेगा। हाजी शाहिद मोहम्मद ने कहा पिछले साल कि तरह इस साल भी राजस्थान से सभी आवेदक हज यात्रा पर जायेंगे। पिछले साल हज 2025 में राजस्थान को 4392 यात्रियों का कोटा प्राप्त था जिनमें 4188 आवेदन आये, 386 आवेदन केंसिल हुए, 3802 आवेदन सेलेक्शन हुआ और 3408 यात्री हज पर गए। इस तरह इस साल भी लॉटरी की संभावना काम है, अगर लॉटरी निकलती भी है तो जो भी वेटिंग लिस्ट होगी वो पूरी क्लियर हो जायेगी।

