2 महीने पुरानी रंजिश में जूस सेंटर में घुसकर खूनी खेल, सिर पर आए 12 टांके; बेकाबू कार दुकान में घुसाकर भागे बदमाश
जयपुर। राजधानी के पॉश इलाके राजापार्क में सोमवार अल सुबह करीब 3 बजे शराब के नशे में धुत कार सवार बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। एक सफेद रंग की कार (RJ 45 CD 5250) में आए दो बदमाशों ने एक जूस सेंटर में घुसकर संचालक वैभव पर लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल वैभव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके सिर पर 12 टांके आए हैं। वारदात के बाद भागते समय बदमाशों ने दो अन्य राहगीरों को भी कार से टक्कर मार दी।
दुकान में घुसते ही बिना बात शुरू कर दी पिटाई
घायल वैभव ने बताया कि वह तड़के अपनी दुकान पर बैठा था और उसका स्टाफ सफाई का काम देख रहा था। इसी दौरान कार से आए दो युवकों ने बिना कुछ बात किए अचानक लोहे के पाइप से उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में वैभव का चश्मा गिर गया और उसने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। वैभव का आरोप है कि बदमाश उसे जान से मारने की नीयत से ही आए थे।
भागते समय दो को मारी टक्कर, दुकान में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जूस सेंटर पर हमला करने के बाद दोनों बदमाश अपनी तेज रफ्तार कार लेकर भागने लगे। इस दौरान उन्होंने राजापार्क निवासी कुणाल भाटिया और दुकानदार समीर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। इसके तुरंत बाद बेकाबू कार सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त कार के भीतर से बीयर के कैन भी मिले हैं।
रोकने की कोशिश की तो राहगीरों पर भी ताने सरिए
हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने कार से डंडे और सरिए निकालकर आम लोगों पर भी हमला बोल दिया। मौके पर मचे भारी हंगामे और भीड़ को बढ़ता देख आरोपी अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों और घायल वैभव के बीच करीब दो महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही आदर्श नगर पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपियों की कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।


