चौरी-चौरा में गरजा भाजपा का शक्ति केंद्र: "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" के संकल्प के साथ सम्मेलन संपन्न, दो-तिहाई मत हासिल करने का मिला लक्ष्य
गोरखपुर / शशि जायसवाल
विधानसभा क्षेत्र चौरी-चौरा के डुमरी खुर्द स्थित एक मैरिज लॉन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का भव्य बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" के संकल्प के साथ आयोजित इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल ने की, जबकि मंच संचालन ओमप्रकाश धर द्विवेदी द्वारा किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने विशेष वक्ता के रूप में शिरकत की।
'बूथ अध्यक्ष ही पार्टी के सच्चे प्रतिनिधि'
मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" केवल एक नारा नहीं, बल्कि भाजपा का संगठनात्मक मूल मंत्र है। उन्होंने कहा:
"बूथ अध्यक्ष केवल संगठन के कागजी पदाधिकारी नहीं हैं, बल्कि वे गांव और जमीनी स्तर पर पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण चेहरा हैं। कार्यकर्ताओं को समाज के हर वर्ग से निरंतर संवाद बनाए रखना होगा और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना होगा। मंदिरों की स्वच्छता, सामाजिक समरसता और जनसेवा ही जनता का दिल जीतने का सबसे बड़ा माध्यम है।"
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रत्येक बूथ पर भाजपा को दो-तिहाई से अधिक मत दिलाने का बड़ा लक्ष्य सौंपा। साथ ही विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब सकारात्मक जनसंपर्क के जरिए देने का आह्वान किया।
'सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं कार्यकर्ता'
विशेष वक्ता चौरी-चौरा विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को संगठन की सबसे अभेद्य और मजबूत इकाई बनाने का संकल्प ले। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन योजनाओं के लाभ को हर गरीब और जरूरतमंद के घर तक पहुंचाएं।
सम्मेलन में यह रहे मौजूद
इस बड़े सांगठनिक सम्मेलन में हरेन्द्र यादव, अवधेश जायसवाल, अनिल जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, दीपक जायसवाल, संदीप मिश्रा, संदीप मौर्य, राजदेव पासवान, अमित जायसवाल, सुमित निषाद, सुनील निषाद, रामबचन प्रजापति, राहुल जायसवाल, योगेंद्र जायसवाल, राजन पांडेय, संदीप विश्वकर्मा, ज्योति प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष और समर्पित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

