हलैना भक्तिमय वातावरण में शनिदेव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
हलैना ( विष्णु मित्तल) कस्बे के प्राचीन श्री वीर हनुमान आश्रम में श्री शनिदेव भक्त मंडल एवं सर्व समाज के सहयोग से आयोजित होने वाले श्री शनिदेव मंदिर स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय संत अवध बिहारी जी महाराज एवं बनखंडी आश्रम के श्री महंत रामदास महाराज के पावन सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
महोत्सव के पहले दिन आयोजित कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। यह कलश यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मंगल कलश धारण कर भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। इस दौरान श्री शनिदेव महाराज की नवीन प्रतिमा का नगर भ्रमण भी कराया गया। कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इसी अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिन वृंदावन से पधारीं कथा वाचक प्रिया किशोरी जी महाराज ने व्यास पीठ से अमृत वर्षा की। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण और ईश्वर का गुणगान करने से मनुष्य को समस्त पापों और दुष्ट व्याधियों (कष्टों) से मुक्ति मिलती है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर दिखे।
मंडल के सेवक सोहन सिंह एवं बंटी फौजदार ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा का यह विशेष कार्यक्रम आगामी 31 मार्च तक निरंतर चलेगा। महोत्सव के अंतिम दिन विधि-विधान से मूर्ति स्थापना के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी क्षेत्रवासी प्रसादी ग्रहण करेंगे।