जल संसाधन मंत्री ने की शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को किया नमन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को स्थानीय लोहागढ़ स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।
जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति समर्पण और स्वाभिमान का प्रतीक है। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया और आज भी देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है। उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर हमें अपने कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता और स्वदेशी संकल्प को पुनः याद करने का अवसर देता है।
इस दौरान संभागीय आयुक्त डॉ टीना सोनी, जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द, डॉ.जितेन्द्र मीना, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज यादव, अतिरिक्त कलक्टर सिटी राहुल सैनी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनिल चौहान, कैप्टन लेखराज, देशराज सिंह, ओमप्रकाश, जगवीर सिंह सहित पूर्व सैनिक, अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।