हनुमानगढ़ से मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: लाडो प्रोत्साहन पोर्टल लॉन्च, 1000 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही, बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए 'लाडो प्रोत्साहन योजना' का पोर्टल भी लॉन्च किया।
किसानों और पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणाएं जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और महिलाओं के हितों को सर्वोपरि रख रही है। उन्होंने बताया कि गेहूं पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस और दूध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि नहरों और खालों के निर्माण व सुधार के लिए भारी बजट आवंटित किया गया है, जिससे किसानों को पानी की समस्या से निजात मिलेगी।
राजनीति करने वालों को दी नसीहत मुख्यमंत्री ने कुछ राजनीतिक दलों की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ लोग केवल किसान के नाम पर राजनीति करते हैं, जबकि हमारी सरकार जमीन पर काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में 'राजीविका' के माध्यम से 16 लाख महिलाएं 'लखपति दीदी' बनकर आत्मनिर्भर हुई हैं।
सीधे खातों में पहुंचा योजनाओं का लाभ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यक्रम में कहा कि डबल इंजन की सरकार का केंद्र बिंदु महिलाएं हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आशा वर्कर और साथिन के मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने हनुमानगढ़ की गरिमा शर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यूपीएससी में सफलता पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
बिजली और आधारभूत ढांचे पर जोर प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि प्रदेश अब बिजली के मामले में आत्मनिर्भरता की ओर है। उन्होंने खालों और मोघों के निर्माण के लिए 5000 करोड़ रुपये के विशेष बजट का उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें चेक व सहायता राशि वितरित की।