फाइव स्टार होटल की नर्सरी में टाइगर का मूवमेंट: 3 साल के बाघ ने बढ़ाई धड़कनें, विभाग अलर्ट
सवाई माधोपुर। रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर एक युवा बाघ सोमवार तड़के रिहायशी इलाके और फाइव स्टार होटल के करीब पहुंच गया। बाघ आरबीटी-2407 (RBT-2407) के इस मूवमेंट ने वन विभाग और स्थानीय लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। फिलहाल टाइगर का मूवमेंट वन विभाग की नर्सरी में बना हुआ है, जहां टीम लगातार मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग कर रही है।
ट्रैप कैमरे में कैद हुआ टाइगर रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सीसीएफ शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे आरबीटी-2407 शहर के सिराज फार्म हाउस के पास लगे ट्रैप कैमरे में कैद हुआ था। यहां से यह बाघ अमरेश्वर के रास्ते होता हुआ प्रसिद्ध होटल नाहरगढ़ की तरफ जा पहुंचा। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पगमार्क के आधार पर बाघ की लोकेशन ट्रेस की।
सुरक्षा के मद्देनजर रास्ता डायवर्ट एहतियात के तौर पर वन विभाग ने होटल नाहरगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते को तलाई की तरफ डायवर्ट कर दिया है। विभाग का मानना है कि अंधेरा होने पर बाघ वापस जंगल का रुख कर सकता है। गौरतलब है कि पिछले साल भी इस नर्सरी क्षेत्र में टाइगर का मूवमेंट देखा गया था, जो बाद में स्वतः ही जंगल लौट गया था।
बाघिन टी-93 का शावक है आरबीटी-2407 बाघ आरबीटी-2407 रणथंभौर की मशहूर बाघिन टी-93 और बाघ टी-96 का बेटा है। इसकी उम्र लगभग तीन साल है और यह रणथंभौर का एक ऊर्जावान युवा बाघ है। वन विभाग की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है जो रात भर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखेगी।