सीएम ने खुद उठाया 181 हेल्पलाइन का फोन, बोले- मैं भजनलाल शर्मा बोल रहा हूं
जयपुर (कमलेश जैन) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में हैं।सुशासन और जनता से सीधे संवाद के अपने वादे को साकार करते हुए सोमवार को उन्होंने सचिवालय की लाइब्रेरी बिल्डिंग में अचानक निरीक्षण किया और राज संपर्क पोर्टल-181 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के कॉल सेंटर में पहुंच गए। यहां सीएम ने खुद फोन उठाए और कॉल करने वाले आम नागरिकों से सीधे बात की, जब कॉलर ने फोन उठाया तो दूसरी तरफ से आवाज आई, मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोल रहा हूं, बताइए आपकी क्या समस्या है? यह सुनकर कॉलर हैरान रह गए।
कॉल जिन्हें खुद सीएम ने अटेंड किया
कोटपूतली बहरोड़ के वार्ड नंबर 29 के नेमीचंद ने गंदे नाले की सफाई को लेकर राज संपर्क पोर्टल्स-181 पर फोन किया, तो सामने से आवाज आई, मै मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा बोल रहा हूं, बताइये क्या है आप की समस्या ? इसी तरह से झुंझुनू, नवलगढ़ के वार्ड नंबर 3 सांव की ढाणी के सुधीर ने PWD विभाग से संबंधित सड़क पर पोल हटाने को लेकर कॉल किया।मुख्यमंत्री ने समस्याएं सुनी और अधिकारियों को तुरंत हल करने के निर्देश दिए। सीएम भजन लाल ने काफी देर राज संपर्क पोर्टल्स रूम में गुजरा और कार्यप्रणाली को देखा, साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि "प्रदेश की जनता को समर्पित इन सेवाओं की कार्यप्रणाली का मैंने स्वयं अवलोकन किया है। इन्हें जनकल्याण की दिशा में और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद किया और उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए हैं।राजस्थान सरकार सुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
राज संपर्क पोर्टल-181 क्या है?
यह राजस्थान सरकार का नागरिक-केंद्रित शिकायत निवारण मंच है. कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या इन तरीकों से दर्ज करा सकता है. टोल-फ्री नंबर 181 पर कॉल करके, मोबाइल ऐप या चैटबॉट के जरिए. इसमें लोग बिजली मीटर, पेंशन, शिक्षा (मिड-डे मील), महिला सुरक्षा (भ्रूण हत्या, दहेज प्रताड़ना), और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें कर सकते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग को भेजी जाती है। और अधिकांश मामलों में 7 दिनों के अंदर समाधान करना अनिवार्य है। शिकायतकर्ता की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है। जल्द ही इस पोर्टल को AI और चैटबॉट से और आधुनिक बनाया जा रहा है जिससे समाधान और भी तेज हो सके।