'अब आसानी से मिलेगा बैंक लोन, सपना हुआ पूरा': वैर के पाली में ग्रामीण सेवा शिविर बना वरदान
भरतपुर | 23 जुलाई
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को राहत पहुँचाने के ध्येय से पंचायत समिति वैर की ग्राम पंचायत पाली में 'ग्रामीण सेवा शिविर' का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर पाली निवासी भीमसिंह जाट के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आया, जहाँ उन्हें अपनी आवासीय भूमि का वैध पट्टा मौके पर ही मिल गया।
22 विभागों की एक ही छत के नीचे सुविधा
ग्राम पंचायत पाली में आयोजित इस शिविर में 22 प्रमुख विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को तुरंत लाभान्वित किया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी आलोक सिंह एवं विकास अधिकारी स्वयं मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया।
बरसों का सपना हुआ साकार, अब बैंक लोन में नहीं आएगी रुकावट
पंचायतीराज विभाग की 'स्वामित्व योजना' के तहत पाली निवासी भीमसिंह पुत्र सोहनलाल जाट को उनकी आवासीय भूमि का पट्टा सौंपा गया। पट्टा मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए भीमसिंह ने कहा:
"मैं लंबे समय से अपनी जमीन के मालिकाना हक का दस्तावेज पाने का इंतजार कर रहा था। पहले स्वामित्व का कागज न होने से बैंक से किसी भी काम के लिए ऋण लेने में भारी दिक्कत आती थी। अब पट्टा हाथ में आने से जमीन का मालिकाना हक पक्का हो गया है। इससे कृषि और अन्य आर्थिक जरूरतों के लिए बैंक से वित्तीय सहायता पाना बहुत आसान हो जाएगा।"
सरकार और प्रशासन का जताया आभार
भीमसिंह ने इस राहत के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का सहदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ऐसे शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का बहुत बड़ा और असरदार माध्यम बन रहे हैं।
शिविर में अन्य ग्रामीणों ने भी विभिन्न योजनाओं के त्वरित लाभ पर खुशी जताई और इसे पारदर्शी व संवेदनशील शासन की मिसाल बताया।

