दौसा: शराब पिलाकर टूटी बोतल से की थी सौरभ की हत्या, कातिल अशोक रैगर पुलिस की गिरफ्त में
अवधेश अवस्थी | दौसा
थाना सदर दौसा पुलिस ने मित्रपुरा स्थित गुर्जर बालिका छात्रावास के पास मिले अज्ञात शव के अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे में सुलझाते हुए सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी अशोक रैगर (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
चाची से नजदीकियों के शक में रची साजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक सौरभ रैगर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसकी अपनी चाची से नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। आरोपी अशोक रैगर को इस बात पर गहरा शक था, जिसके चलते उसने सौरभ को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
शराब पिलाकर टूटी बोतल से काटा गला
वारदात के दिन आरोपी अशोक ने सौरभ की अत्यधिक शराब पीने की आदत का फायदा उठाया। वह सौरभ को मित्रपुरा के पास एक सुनसान जगह ले गया और उसे बेहिसाब शराब पिलाई। जब सौरभ गहरे नशे की हालत में आ गया, तब अशोक ने कांच की टूटी हुई बोतल से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
गुमराह करने के लिए करता रहा सामान्य व्यवहार
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अशोक रैगर बेहद शातिराना अंदाज में सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि किसी को भी उस पर रत्ती भर शक न हो। हालांकि, सदर थाना पुलिस ने तकनीकी व सूक्ष्म जांच के आधार पर कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी अशोक रैगर को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

