'हरियालो राजस्थान': हलैना वन रेंज कार्यालय पर पौधारोपण कर 'पर्यावरण बचाओ रोग भगाओ' अभियान का आगाज़, 11 पौधे लगाने का आह्वान
हलैना (विष्णु मित्तल)
वन विभाग एवं समृद्ध भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में हलैना कैनाल किनारे स्थित वन रेंज कार्यालय परिसर में 'हरियालो राजस्थान अभियान' के तहत 'पर्यावरण बचाओ-रोग भगाओ' कार्यक्रम की भव्य शुरुआत की गई।
डीएफओ (DFO) प्रमोद कुमार धाकड़ एवं समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक रेंजर नरेंद्र कुमार चौधरी और उनकी टीम ने जामुन का पौधा लगाकर किया।
'पेड़ हमारे जीवनदाता, संरक्षण हर नागरिक का कर्तव्य'
पौधारोपण के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक रेंजर नरेंद्र कुमार चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा:
"पेड़ हमारे जीवन के सच्चे दाता हैं। ये हमें निःस्वार्थ भाव से प्राणवायु (ऑक्सीजन), ईंधन, औषधियां और छाया प्रदान करते हैं। हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम इनका संरक्षण करें। प्रत्येक नागरिक को प्रतिवर्ष कम से कम 11 पौधे अवश्य लगाने चाहिए और केवल लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए, तभी पर्यावरण शुद्ध रहेगा और हमारा जीवन निरोगी बनेगा।"
पौधारोपण में रही प्रमुख भागीदारी
'पर्यावरण बचाओ-रोग भगाओ' संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ विभिन्न किस्मों के छायादार व औषधीय पौधे रोपे।
इस अवसर पर खेड़ली मोड़-हिंगोट वन पौधशाला प्रभारी रेणुवाला मीणा, हलैना वन पौधशाला प्रभारी वर्षा फौजदार, हेमलता चौधरी, रिंकी सांवरिया, धर्मयुग, राजकुमार, विष्णु मित्तल सहित विभाग के अन्य कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

