खैरथल में दहेज के लिए गर्भवती की हत्या का आरोप, पति सहित 5 के खिलाफ मामला दर्ज

Jul 24, 2026 - 18:09
 0
खैरथल में दहेज के लिए गर्भवती की हत्या का आरोप, पति सहित 5 के खिलाफ मामला दर्ज

खैरथल (हीरालाल भूरानी)
         जिले के दोंगड़ा गांव में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मृतका की पहचान दोंगड़ा निवासी असमा पत्नी अरसद के रूप में हुई है। असमा की शादी वर्ष 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों 5 वर्षीय आयत, 3 वर्षीय आतिका और 2 वर्षीय आवेश को छोड़ गई है। असमा का पीहर अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित जाजोर गांव में है। मृतका के भाई रसीद पुत्र सत्तार खां ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि शादी के समय उनकी सामर्थ्य के अनुसार रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, 21 हजार रुपये नकद, फर्नीचर, घरेलू सामान और चांदी के आभूषण सहित पर्याप्त दहेज दिया गया था। इसके बावजूद पति अरसद, जेठ जमशेद, जाकर, सास हमीदी और ससुर इस्लाम लगातार फार्मट्रैक-60 ट्रैक्टर और एक लाख रुपये नकद की मांग करते रहे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर असमा के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। रिपोर्ट के अनुसार, करीब दस दिन पहले परिजनों ने समझाइश के बाद असमा को ससुराल छोड़ा था, लेकिन तब भी कथित तौर पर दहेज की मांग दोहराई गई और उसे रखने से इनकार कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पांच दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। असमा ने फोन पर अपने भाई को बताया था कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। घटना की सूचना मिलने पर किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर महिला थाने में पति अरसद, जमशेद, जाकर, इस्लाम और हमीदी के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................