जन्माष्टमी महोत्सव में 315 बोर के देशी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता। कस्बे के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान राजगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 315 बोर के अवैध देशी कट्टे के साथ एक युवक को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महोत्सव में कानून व्यवस्था और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल रतनलाल और अविनाश ने भीड़ के बीच एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों को भांप लिया। जवानों ने जब सूझबूझ से युवक को पकड़ा, तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। स्थिति को नियंत्रित रखते हुए पुलिस जवान युवक को गोल सर्किल ले आए और तुरंत अतिरिक्त पुलिस जाब्ते को सूचना दी।
गहन पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनंत पुत्र सुरेंद्र मोहन, निवासी गणेश पोल के समीप (राजगढ़) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। हथियार के संबंध में वैध लाइसेंस मांगने पर युवक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। राजगढ़ पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है और अग्रिम अनुसंधान जारी है।

