जन्माष्टमी पर सजा बाड़िया श्याम दरबार: भव्य झांकियों और भजन संध्या के बीच धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
बाड़िया श्याम मंदिर में जन्माष्टमी पर्व की धूम, मध्यरात्रि महाआरती और मटकी फोड़ प्रतियोगिता में उमड़े श्रद्धालु
कोशीथल (रामनिवास सेन)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री बाड़िया श्याम मंदिर सेवा समिति द्वारा भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, सुगंधित फूलों और मोरपंखों से सजा मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा।
रात ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही शंखनाद, घंटियों की गूंज और "जय कन्हैया लाल की" के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कान्हा को माखन-मिश्री और विशेष मावा केक का भोग अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण, बाल लीला और गोवर्धन पर्वत की मनोहारी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
समारोह में स्थानीय कलाकारों ने सुमधुर कृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं, वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा धरे गए राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने सभी का मन मोह लिया। युवाओं के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भी भारी उत्साह देखने को मिला।
बाड़िया श्याम मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए सभी भक्तों, सहयोगियों और प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसादी का वितरण किया गया।

