अधूरी परिक्रमा पूरी करने की आस में आई महिला श्रद्धालु की मौत
लोहार्गल की 24 कोसी परिक्रमा के दौरान महिला श्रद्धालु का निधन, नीमड़ी की घाटी के पास बिगड़ी थी तबीयत; हार्ट अटैक की आशंका
उदयपुरवाटी | सुमेर सिंह राव
तीर्थराज लोहार्गल की सुप्रसिद्ध मालकेतु बाबा की 24 कोसी परिक्रमा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। परिक्रमा कर रही एक महिला श्रद्धालु की नीमड़ी की घाटी उतरने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) माना जा रहा है।
नीमड़ी की घाटी उतरते ही बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बगड़ क्षेत्र के भडोंदा कला निवासी धर्मा देवी पारिक (पत्नी स्वर्गीय सत्यनारायण पारिक) श्रद्धालुओं के साथ 24 कोसी परिक्रमा कर रही थीं। नीमड़ी की घाटी से नीचे उतरने के बाद वे कुछ देर विश्राम करने के लिए रुकी थीं, तभी अचानक उनका स्वास्थ्य अत्यधिक बिगड़ गया। साथ चल रही अन्य महिलाएं जब तक उन्हें संभाल पातीं, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
दूसरी बार भी अधूरी रह गई परिक्रमा
स्थानीय लोगों के अनुसार, धर्मा देवी पूर्व में भी एक बार 24 कोसी परिक्रमा में आई थीं, लेकिन उस दौरान भी स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था। इस बार वे अपनी अधूरी रही परिक्रमा को पूरा करने की संकल्प के साथ यात्रा में शामिल हुई थीं, लेकिन यह मनसा पूरी नहीं हो सकी।
बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस तुरंत नीमड़ी की घाटी पहुंची और उन्हें रघुनाथगढ़ पहुंचाया गया। वहां साथ चल रही महिलाओं व परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से मना करने पर निजी वाहन के माध्यम से पार्थिव देह को उनके गृह गांव भडोंदा कला के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद परिक्रमार्थियों में शोक की लहर छा गई।

