गौरव पथ से जुड़ा मुख्य मार्ग टूटा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा, प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग

खैरथल (हीरालाल भूरानी)
शहर के किरवारी फाटक से निकलने वाले गौरव पथ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग अब गड्डों में तब्दील हो गया है। यहां रोड उखड़ी हुई है और खासकर पीपल वाला दादा से घूमने वाले मोड़ का रोड बुरी तरह टूट चुका है। भारी वाहनों का आवागमन इस मार्ग से लगातार होता है और पास में आबादी होने के कारण महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का भी आना जाना लगा रहता है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। यह मार्ग जो जिला मुख्यालय का मुख्य रोड है गौरपथ से किशनगढ़ बास और भिवाड़ी की दिशा में जाने वाले भारी वाहनों के लिए एक प्रमुख रूट है। यह वही मार्ग है जिसे खैरथल का बाईपास भी कहा जाता है। इसके बावजूद, प्रशासन की ओर से इस मार्ग की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस सड़क के टूटने से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में नाराजगी है। पास में स्थित दुकान संचालक जयप्रकाश ने कहा, प्रशासन को इस मुख्य मार्ग की मरम्मत पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यह मार्ग दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है। वहीं, इस मार्ग के आस-पास रहने वाले विशम्बर, सुभाष, कालू मास्टर, गिरवर, मनोज और राजकुमार ने भी प्रशासन से तत्काल सड़क के सुधार की अपील की है। उनका कहना है कि यदि इसे जल्द नहीं सुधारा गया, तो यहां किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की आवाज़ प्रशासन तक पहुंचाने के लिए इस मार्ग की मरम्मत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






