महुवा में 21 नवंबर को सजेगा बाबा श्याम का दरबार, सामूहिक विवाह सम्मेलन में गूंजेंगी शहनाइयां; गणेशजी को दिया पहला निमंत्रण
श्री श्याम सखा सेवा समिति ने गणेशजी महाराज को दिया प्रथम निमंत्रण, ढोल-बाजों के साथ मंदिरों में पहुंचकर बांटे आमंत्रण पत्र; गौशाला में गौसेवा कर खिलाया हरा चारा
महुवा (अवधेश अवस्थी)। श्री श्याम सखा सेवा समिति रजिस्टर्ड महुवा की ओर से देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर 21 नवंबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाले बाबा श्याम के वार्षिक उत्सव एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार प्रथम निमंत्रण गणेशजी महाराज को अर्पित किया। इसके बाद ढोल-बाजों के साथ विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर देवी-देवताओं एवं गणमान्य लोगों को आमंत्रण पत्र भेंट किए।
समिति सदस्यों ने मामोड़िया मंदिर स्थित खाटू श्यामजी, सीतारामजी परिसर स्थित श्याम बाबा तथा महुवा नगर पालिका अध्यक्ष विनीत कुमार बंसल को भी आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गौशाला में गौसेवा कर दिया सेवा का संदेश
निमंत्रण कार्यक्रम के साथ समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महुवा कस्बे के किले स्थित श्री कृष्ण गोपाल गौशाला में गौसेवा भी की। देवउठनी ग्यारस के अवसर पर गौमाता को गो-सवामणी के रूप में हरा चारा एवं सब्जियां खिलाई गईं। समिति सदस्यों ने गौसेवा कर धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया।
21 नवंबर को निकलेगी बारात, होगा भव्य स्वागत
समिति के महामंत्री कृपांशु अजमेरा ने बताया कि 21 नवंबर शनिवार को सुबह 10 बजे बारात का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बारात मुख्य बाजार, अग्रसेन सर्किल एवं मंडावर रोड होते हुए अनाज मंडी प्रांगण पहुंचेगी, जहां बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा।
अनाज मंडी प्रांगण में दोपहर 12:15 बजे से बाबा श्याम का वार्षिक उत्सव प्रभु इच्छा तक आयोजित होगा। इसी परिसर में दोपहर के समय सामूहिक विवाह सम्मेलन के अंतर्गत वैवाहिक जोड़ों के फेरे संपन्न करवाए जाएंगे।
नवविवाहित जोड़ों को दिए जाएंगे उपहार
समिति की ओर से बताया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने वाले सभी जोड़ों को आवश्यक घरेलू एवं उपयोगी सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत में सहयोग मिल सके। समिति द्वारा आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अशोक कुमार टुडियाना, महामंत्री कृपांशु अजमेरा, पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नीरज बंसल, गोपुत्र अवधेश अवस्थी, अशोक मेडिकल, संदीप गोयंका, आशीष बंसल, सतीश कानूनगो, गोविंद सिंघल, धर्मवीर मंडी, आशु बंसल, मुकेश भुसावर, देवव्रत, मोहन धनेटवाल, मनीष गोयल, सुनील जैन, नवीन बजाज, अतुल जैन, भुवनेश गुप्ता, ओमप्रकाश पावटा, विवेक, राधे रानी, अनिल भोपुरा, हितेश निठार, अजय कॉनेटी, मनीष तालचिड़ी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

