खैरथल में जनगणना 2027 को लेकर बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) नगर परिषद सभागार खैरथल में मंगलवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण उपखण्ड अधिकारियों एवं चार्ज जनगणना अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने जनगणना को अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी अधिकारियों की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि एकत्रित आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी 1 मई से प्रारंभ होने वाली स्व-जनगणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर जागरूकता पोस्टर लगाए जाएं तथा आमजन को अभियान के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यवेक्षक एवं सुपरवाइजर के प्रशिक्षण के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें, जिससे जनगणना कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, सभी उपखण्ड अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी एवं उप जिला जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।


