आज के दौर में भी ज़िंदा है इंसानियत: मुंडावर में रास्ते में मिला मोबाइल, पंचायत समिति में बुलाकर असली मालिक को सौंपा
मुंडावर (देवराज मीणा)। बदलते दौर में जहां लोग छोटी-छोटी चीजों के लिए नीयत डगमगा लेते हैं, वहीं मुंडावर क्षेत्र के इंदौर गांव निवासी फूल सिंह सैनी ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी से समाज के सामने नजीर पेश की है। रास्ते में मिले करीब 10 हजार रुपये की कीमत के मोबाइल फोन को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर उन्होंने इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
खोजबीन कर असली मालिक को पंचायत समिति में बुलाया जानकारी के अनुसार, फूल सिंह सैनी को रास्ते से गुजरते समय एक लावारिस मोबाइल फोन मिला था। उन्होंने उसे अपने पास रखने या बेचने के बजाय उसके असली मालिक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद जब मोबाइल स्वामी का संपर्क सूत्र मिला, तो फूल सिंह ने उन्हें पंचायत समिति मुंडावर परिसर में बुलाया और सभी के सामने मोबाइल सकुशल सौंप दिया।
"आज के दौर में ऐसी ईमानदारी मिसाल है" अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर मोबाइल स्वामी की आंखें खुशी से छलक आईं। उन्होंने फूल सिंह का आभार जताते हुए कहा कि “आज के भौतिकवादी युग में ऐसी निस्वार्थ ईमानदारी विरले ही देखने को मिलती है। फूल सिंह जी ने साबित कर दिया कि इंसान की असली पहचान उसकी सच्चाई से ही होती है।”
पहले भी लौटा चुके हैं महंगा मोबाइल, क्षेत्र में तारीफों के पुल बंधे गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब फूल सिंह ने ऐसा काम किया हो। इससे पहले भी वे एक महंगा मोबाइल फोन उसके असली मालिक को लौटा चुके हैं। उनकी इस लगातार जारी नेक पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फूल सिंह सैनी का यह कार्य समाज में आपसी विश्वास, नैतिकता और मानवता को मजबूती देता है तथा युवाओं को ईमानदारी की राह पर चलने की प्रेरणा देता है।

