आफत की बारिश: कटी हुई ज्वार-बाजरे की फसलें पानी में डूबीं, 7 दिन के अलर्ट से किसानों में हाहाकार
डीग (राजस्थान)। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी और कटाई के बाद सूखने के लिए छोड़ी गई ज्वार और बाजरे की फसलें जलभराव के चलते पानी में डूब गई हैं। मौसम विभाग द्वारा आगामी सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किए जाने के बाद किसानों की चिंताएं कई गुना बढ़ गई हैं।
- दानों में अंकुरण और फंगस का खतरा
जिले के निचले इलाकों में लगातार बारिश से खेतों में भारी जलभराव हो गया है। इन दिनों क्षेत्र में खरीफ फसलों की कटाई जोरों पर थी। किसानों ने बाजरे और ज्वार की कटाई कर पूलों को सूखने के लिए खेतों में छोड़ा था, जो अब पानी में तैरते नजर आ रहे हैं। लगातार नमी के कारण कटी हुई बालियों में फंगस लगने और दानों के अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे पैदावार की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर गंभीर असर पड़ेगा।
- पशु चारे पर गहराया संकट
बारिश का असर केवल अनाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुओं के चारे (कड़बी) पर भी संकट खड़ा हो गया है। खेतों में पानी भरने से कड़बी सड़ने की कगार पर है। किसानों का कहना है कि यदि चारा खराब हो गया तो आने वाले दिनों में मवेशियों के लिए सूखे चारे की भारी किल्लत झेलनी पड़ेगी।
- सप्ताहभर राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल में बने नए मौसमी तंत्र (सिस्टम) के प्रभाव से डीग और आसपास के क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश जारी रहने के आसार हैं। किसानों का कहना है कि यदि एक-दो दिन और बारिश नहीं थमी, तो बची-खुची फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। किसानों ने प्रशासन से खराब हुई फसलों की जल्द गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजे की मांग की है।

