जुरहरा के समधारा गांव में आवासीय लाइब्रेरी का शुभारंभ; शिक्षा समग्र विकास की आधारशिला – सीताराम गुप्ता

Feb 3, 2026 - 13:14
 0
जुरहरा के समधारा गांव में आवासीय लाइब्रेरी का शुभारंभ; शिक्षा समग्र विकास की आधारशिला – सीताराम गुप्ता

डीग (विष्णु मित्तल) जुरहरा तहसील क्षेत्र का समधारा गाँव में खुली हुसैना आवासीय लाइब्रेरी का उद्घाटन समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने किया । यह लाइब्रेरी अपने प्रकार की मेवात क्षेत्र की पहली ऐसी आवासीय अध्ययनशाला है, जहां छात्र पूरी रात ठहरकर शांत एवं सुरक्षित वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। सुबह छात्र अपने घर जाकर दैनिक कार्यों के बाद पुनः स्कूल के लिए निकल जाते हैं। छात्रों को निरंतर और केंद्रित अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल ग्रामीण स्तर पर अत्यंत सराहनीय मानी जा रही है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मेवात क्षेत्र में शिक्षा का प्रसार एक सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवक आज गैर-सामाजिक गतिविधियों से दूर होकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण निरंतर बेहतर हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा व्यक्ति के समग्र विकास की कुंजी है और मेवात जैसे क्षेत्र में इसका विस्तार अत्यंत आवश्यक है। गुप्ता ने बताया कि मेवात क्षेत्र देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों के निकट स्थित होने के कारण यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की कोई कमी नहीं है। हालांकि इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए युवाओं में तकनीकी और व्यावसायिक कौशल होना अनिवार्य है। इस दिशा में समृद्ध भारत अभियान द्वारा क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गुप्ता ने यह भी बताया कि वे जुरहरा के औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए संबंधित विभागों से संपर्क कर ठोस पहल कर रहे हैं ताकि स्थानीय युवाओं की औद्योगिक क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मॉड्यूलर इंस्टीट्यूट, अलवर के संस्थापक सदस्य सौरभ खान ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हुसैना आवासीय लाइब्रेरी निश्चित ही क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संसाधन बनेगी, जिससे पढ़ाई का सकारात्मक माहौल निर्मित होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्रज मेवात जन जागृति अभियान के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता एम. जुबेर खान ने कहा कि अभियान के सतत प्रयासों से मेवात क्षेत्र में जागरूकता बढ़ी है तथा अपराधों में कमी देखी जा रही है। युवाओं में शिक्षा के प्रति रुझान लगातार बढ़ रहा है, जो समाज के भविष्य के लिए शुभ संकेत है।

समारोह के दौरान महमूद खान, अख्तर हुसैन, मा. इकबाल खान, साजिद खान एडवोकेट, डॉ. आरिफ, अताउल्ला खान, अयूब खान, मा. मम्मनद्दीन, सोनू चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे और ऐसे सामाजिक प्रयासों की सराहना की। प्रारंभ में लाईब्रेरी के संचालक मुबारिक खान ने अतिथियों का स्वागत किया !

समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लाइब्रेरी में बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु सीताराम गुप्ता, आरिफ प्रधान, महमूदा खान सहित कई स्थानीय सहयोगियों द्वारा 11–11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। यह जनसहयोग इस बात का प्रतीक है कि ग्रामीण समाज शिक्षा के उत्थान में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाना चाहता है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................