तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार महिला शिक्षिका को मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट; निजी अस्पताल में भर्ती
बयाना कस्बे के रीको रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार महिला शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका हवा में उछलकर दूर जा गिरीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरमुख नगर भगवती कॉलोनी निवासी अर्चना शर्मा (45) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कारबारी में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वे रोजाना की तरह सुबह करीब 7 बजे स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। जैसे ही वे कॉलोनी से निकलकर रीको मुख्य मार्ग पर पहुंचीं, तभी भरतपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और घायल शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाया गया। शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष रघुवेंद्र उपाध्याय और प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी।
- अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर भड़के लोग
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क पर बेतरतीब खड़े रहने वाले भारी वाहनों को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भरतपुर-हिंडौन स्टेट हाईवे और रीको रोड पर ट्रक व ट्रेलर सड़क की एक पूरी लेन घेरकर खड़े रहते हैं। इस अंधाधुंध अतिक्रमण के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है और आए दिन हादसे होते हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों ने प्रशासन से रीको रोड को तत्काल भारी वाहनों के अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

