सत्संग भवन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: निरंकारी मंडल के उप प्रधान ने दिया समय के सदुपयोग और आत्म-कल्याण का संदेश
अलवर के संत निरंकारी सत्संग भवन में अध्यात्म का प्रवाह, श्रद्धालुओं ने लिया ब्रह्मज्ञान का आनंद
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। संत निरंकारी सत्संग भवन, अलवर में भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लेकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। कार्यक्रम में संत निरंकारी मंडल के उप प्रधान दर्शन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उप प्रधान दर्शन सिंह ने कहा कि भौतिकता और सांसारिक आकर्षणों के बीच मनुष्य अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य से दूर होता जा रहा है। मानव जीवन अत्यंत अनमोल है, इसलिए बीता हुआ समय वापस नहीं आता। सतगुरु की शरण में आकर ब्रह्मज्ञान को जीवन में ढालने से ही जीवन में प्रेम, शांति और सद्भाव का संचार होता है।
उन्होंने आगे कहा कि मन स्वभाव से चंचल है, जिसे संयमित रखना आवश्यक है। जब मनुष्य सतगुरु के दिखाए मार्ग पर समर्पण भाव से चलता है, तो वह सांसारिक तनावों और उलझनों से सहज ही मुक्त हो जाता है।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजक सोमनाथ निरंकारी ने आए हुए सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। संपूर्ण सत्संग का वातावरण भक्तिमय, गरिमामय और शांतिपूर्ण रहा।

