निबियहवा ओवरब्रिज अब रात में रोशन, विधायक ने किया स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) नगर पंचायत चौरीचौरा के निबियहवा रेलवे ओवरब्रिज पर अब रात के समय आवागमन आसान होगा। शुक्रवार शाम ओवरब्रिज पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटों को विधिवत चालू किया गया। चौरीचौरा विधायक ई. सरवन कुमार निषाद ने फीता काटकर प्रकाश व्यवस्था का शुभारंभ किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पंचायत चौरीचौरा के चेयरमैन सन्नी जायसवाल समेत नगर पंचायत के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्ट्रीट लाइटें शुरू होने के बाद ओवरब्रिज पर रात में आवाजाही करने वाले राहगीरों को बेहतर रोशनी मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर विधायक सरवन कुमार निषाद ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और जनता को सहूलियत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज पर प्रकाश की व्यवस्था होने से रात में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्याप्त रोशनी होने से सड़क पर दृश्यता बेहतर होगी, जिससे हादसों की आशंका को कम करने में मदद मिल सकती है।
स्थानीय लोगों ने भी स्ट्रीट लाइटों के शुरू होने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि रात के समय ओवरब्रिज पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी। अब लाइटें चालू होने से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

