खुशखेड़ा में युवक की संदिग्ध मौत — पिता बोले, फांसी नहीं हत्या हुई है मेरे बेटे की
भिवाड़ी, (मुकेश कुमार) खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक की रहस्यमयी मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सहारनपुर निवासी गौरव की 3 नवंबर को एरोलम कंपनी के क्वार्टर में कथित तौर पर फांसी से मौत हुई, लेकिन परिवार ने इसे हत्या बताया है।
मृतक के पिता कौशल किशोर ने बताया कि गौरव हाल ही में नौकरी की तलाश में खुशखेड़ा आया था और कंपनी में ठेकेदार विजय यादव व सुपरवाइजर राहुल के अधीन कार्यरत था। 4 नवंबर को फोन करने पर कंपनी प्रबंधन ने उन्हें बताया कि गौरव ने फांसी लगा ली है। जब वे 5 नवंबर को टपूकड़ा अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने बेटे के शव पर फांसी के स्पष्ट निशान न देखकर हत्या की आशंका जताई। कौशल किशोर ने खुशखेड़ा थाने में सुपरवाइजर व ठेकेदार पर संदेह जताते हुए हत्या की जांच की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर इस घटना ने फिर से कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


