राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.61 लाख मामलों का निपटारा: जिले में 11 बेंचों में हुई सुनवाई, 6.68 करोड़ की राशि का हुआ समझौता

बूंदी में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड 1.61 लाख से अधिक मामलों का निपटारा किया गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजय शुक्ला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। लोक अदालत के संचालन के लिए मुख्यालय पर 11 बेंच स्थापित की गईं। सुमन गुप्ता, मीनाक्षी मीणा, वृष्टि विज, सरिता मीणा और सिद्धांत सक्सेना ने विभिन्न बेंचों की अध्यक्षता की। महेन्द्र कुमार शर्मा, कुमारिल भट्ट, कामरान खान, हिमांशी शर्मा और तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा ने सदस्य के रूप में सहयोग किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के 146 मामलों में से 28 का निपटारा किया गया। इनमें 1.38 करोड़ रुपए की अवॉर्ड राशि तय की गई। एनआई एक्ट के 974 मामलों में से 89 मामलों का निस्तारण कर 2.04 करोड़ रुपए की राशि का समझौता हुआ। कुल 1.91 लाख प्रकरणों में से 1.61 लाख मामलों का निपटारा किया गया। इस दौरान 6.68 करोड़ रुपए की कुल अवॉर्ड राशि तय की गई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सरिता मीणा, अभिभाषक परिषद के अध्यक्ष चन्द्रशेखर शर्मा और सचिव संजय कुमार जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नागरिकों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।






