राजगढ़ कॉलेज में शिक्षकों के तबादलों के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च
राजगढ़, (अलवर/अनिल गुप्ता) राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में शिक्षकों एवं वरिष्ठ सहायक के स्थानांतरण के विरोध में सोमवार को विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रों ने पहले महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कॉलेज परिसर से उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय तक पैदल मार्च निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की।
एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि उपखंड अधिकारी ने न तो कुर्सी से उठकर उनका स्वागत किया और न ही उनका ज्ञापन स्वीकार किया। इससे नाराज छात्रों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही ज्ञापन चस्पा कर दिया। इसके बाद आक्रोशित विद्यार्थियों ने विरोध स्वरूप ज्ञापन की प्रतियां जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्र नेताओं ने बताया कि 5,500 से अधिक विद्यार्थियों वाले राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में स्वीकृत 56 व्याख्याताओं के पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 39 व्याख्याता कार्यरत हैं। ऐसे में पहले से ही शिक्षण व्यवस्था प्रभावित है। अब शिक्षकों एवं वरिष्ठ सहायक के स्थानांतरण से महाविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी।
विद्यार्थियों ने सरकार से मांग की कि सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं तथा महाविद्यालय में संचालित 52 प्रयोगशालाओं (लैब) के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराया जाए।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष रामकेश मीणा, महासचिव राहुल शर्मा, पूर्व महासचिव अजीत अलेई, ओपी मीणा, राजेंद्र, लेखराज सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


