नागौर:मैरिज गार्डन में टेंट हटाते समय 7 साल के मासूम पर गिरा लोहे का भारी पोल, मौत; मां के साथ ननिहाल की शादी में आया था इकलौता बेटा
नागौर / राजस्थान
कोतवाली थाना क्षेत्र के सेलऊ रोड स्थित महालक्ष्मी मैरिज गार्डन में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। शादी समारोह संपन्न होने के बाद टेंट हटाने के दौरान लोहे का एक भारी पोल वहां खेल रहे 7 वर्षीय बच्चे के सिर पर गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
खेलते समय सिर पर गिरा लोहे का भारी पोल एएसआई भगवत भाकल ने बताया कि भीकाला बास, चेनार निवासी यशवंत (7) पुत्र अनिल गहलोत अपनी मां के साथ ननिहाल में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने आया था। शनिवार दोपहर को विवाह समारोह संपन्न हुआ। इसके बाद देर शाम करीब 6 बजे मैरिज गार्डन में टेंट का सामान हटाया जा रहा था। इसी दौरान यशवंत गार्डन में खेल रहा था, तभी अचानक लोहे का एक भारी पोल सीधे उसके सिर पर आ गिरा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित पोल गिरने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घर का इकलौता चिराग था यशवंत मृतक यशवंत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता अनिल गहलोत नागौर शहर के बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

