उदयपुरवाटी: खाली पदों से बदहाल गोरिया स्कूल, ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद जागे अफसर; CBEO बोले— 2 शिक्षक लगाए, जल्द होगी और व्यवस्था
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। निकटवर्ती जैतपुरा ग्राम पंचायत के गोरिया गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पिछले लंबे समय से अध्यापकों की भारी कमी बनी हुई है। आलम यह है कि पूरा विद्यालय महज 6 शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य और पढ़ाई पूरी तरह चौपट हो रही है। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
पवन वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों से मिले ग्रामीण जैतपुरा ग्राम पंचायत प्रशासन पवन वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उदयपुरवाटी उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय और ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (CBEO) महेंद्र कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द ही पर्याप्त शिक्षक तैनात नहीं किए गए, तो विद्यार्थियों की पढ़ाई का भारी नुकसान होगा। ज्ञापन देने वालों में धोलूराम गुर्जर, इंद्रपुरा के पूर्व सरपंच मनोहर लाल सैनी, कुरडाराम, जीवण राम, टिकुराम वर्मा, श्रीराम, सज्जन सिंह, सांवरमल सैनी, शिवराम सैनी, वीर सिंह वर्मा, सुरेश और महेश कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
अधिकारियों का रुख: तुरंत 2 शिक्षक लगाए, 2 और लगाने का दिया भरोसा ग्रामीणों के ज्ञापन और विरोध के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जैतपुरा PEEIO (पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी) के जरिए तुरंत प्रभाव से 2 शिक्षकों को शैक्षणिक व्यवस्थार्थ गोरिया विद्यालय में नियुक्त कर दिया गया है।
इनका कहना है: "जैतपुरा PEEO द्वारा आज ही 2 शिक्षकों को शैक्षणिक व्यवस्थार्थ गोरिया विद्यालय में लगा दिया गया है। आगामी एक-दो दिन में अन्य विद्यालयों से 2 अन्य शिक्षकों की व्यवस्था करने का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।" — महेंद्र कुमार सैनी (CBEO), ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, उदयपुरवाटी

