शिक्षक दिवस पर दोहरी पहल: लवेरा खुर्द स्कूल में पुलिस ने दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स, महिला अधिकारों की दी जानकारी
शिक्षक दिवस पर लवेरा खुर्द स्कूल में साइबर सुरक्षा व महिला अधिकारों पर जागरूकता बैठक, पुलिस टीम ने सराहा विद्यालय का अनुशासन
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा)। उपखंड क्षेत्र के लवेरा खुर्द स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खेड़ापा थाना पुलिस के प्रतिनिधियों ने शिरकत कर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला सुरक्षा व कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में एएसआई चिमना राम, महिपाल ग्वाला और महिला कांस्टेबल फूली जी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। पुलिस टीम ने तेजी से बढ़ते साइबर क्राइम के तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग और सोशल मीडिया उपयोग के जरूरी टिप्स दिए। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी कानूनी धाराओं एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर की उत्कृष्ट व्यवस्था, मनमोहक साज-सज्जा और विद्यार्थियों के बेहतरीन अनुशासन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। एएसआई चिमना राम ने कहा कि शिक्षक भगवान राम ईनाणिया के नेतृत्व में विद्यालय का शैक्षणिक माहौल और अनुशासन काबिले तारीफ है, जो ग्रामीण क्षेत्र के अन्य स्कूलों के लिए एक मिसाल पेश करता है।

