जाम में फंसी अग्निशमन, 20 मिनट तक थमी राहत ,अंबेडकर सर्किल से नगर पालिका तक रोजाना लग रहा जाम
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) कस्बे में अंबेडकर सर्किल से नगर पालिका तक लगने वाला रोजाना का जाम अब लोगों की चिंता का कारण बनता जा रहा है। रविवार सुबह एक अग्निशमन वाहन करीब 15 से 20 मिनट तक इसी जाम में फंसा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी दिन आगजनी या गंभीर हादसे की स्थिति बन जाए तो यह जाम किसी की जान पर भारी पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार शाहपुरा रोड पर सुबह 6 बजे से 9 बजे तक सब्जी विक्रेता सड़क पर ही सब्जियों की थैलियां और सामान रख देते हैं। वहीं खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहन भी सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
रविवार को भी इसी अव्यवस्था के चलते अग्निशमन वाहन जाम में फंस गया और करीब 15 से 20 मिनट तक आगे नहीं बढ़ सका। लोगों ने कहा कि इसी मार्ग से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी गुजरते हैं, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और सड़क पर लगने वाली अव्यवस्थित सब्जी मंडी को हटाकर निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए।
गौरतलब है कि सरकार द्वारा पूर्व में सब्जी मंडी के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश व्यापारी वहां दुकान नहीं लगाकर शाहपुरा रोड पर ही कारोबार करते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद व्यापारी निर्धारित मंडी स्थल पर जाने को तैयार नहीं हैं।


