शिव-कृष्ण भक्ति का अद्भुत संगम:जन्माष्टमी पर हुआ विशेष सहस्त्र धारा अभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ परिसर
सदा शिव महादेव मंदिर में जन्माष्टमी पर सहस्त्र धारा अभिषेक, मंत्रोच्चार और जयकारों से गूंजा धाम
गुरला (बद्री लाल माली)। नेशनल हाईवे 758 स्थित सहकारी समिति के पास स्थित प्राचीन सदा शिव महादेव मंदिर में सावन माह एवं कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान भोलेनाथ का भस्म, रुद्राक्ष, चंदन, बेलपत्र, त्रिशूल और पुष्पमालाओं से मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा पंचामृत से विशेष अभिषेक संपन्न हुआ।
मंदिर के शंकर लाल और सत्यनारायण शिव माली ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी व फूलों से सजाया गया। पंडित राजू त्रिपाठी के मुखारबिंद से गूंजते वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विशेष 'सहस्त्र धारा अभिषेक' किया गया।
पंडित लादू लाल तिवाड़ी ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण स्वयं भगवान शिव के परम भक्त थे, इसलिए जन्माष्टमी के दिन शिवजी का सहस्त्र धारा अभिषेक करने से शिव और कृष्ण दोनों की असीम कृपा प्राप्त होती है तथा सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
पुजारी सत्यनारायण वैष्णव के आचार्यत्व में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसके बाद उपस्थित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।

