वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी: रामगढ़ में एडीजे कोर्ट ने संभाला कामकाज, सांसद-विधायक के प्रयासों से क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत
रामगढ़ में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय का आगाज, न्यायाधीश के पदभार ग्रहण करने पर जश्न में डूबा अभिभाषक संघ
रामगढ़, अलवर (राधेश्याम गेरा)। रामगढ़ के न्यायिक इतिहास में बुधवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। क्षेत्रवासियों और बार एसोसिएशन की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। रामगढ़ में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (ADJ कोर्ट) का विधिवत संचालन शुरू हो गया है। इसके लिए अलवर स्थित अपर जिला न्यायालय संख्या-6 के न्यायाधीश को रामगढ़ कोर्ट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिन्होंने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है।
न्यायाधीश के पदभार संभालते ही अभिभाषक संघ और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। बार एसोसिएशन रामगढ़ की ओर से न्यायाधीश का साफा पहनाकर और पुष्पहारों से जोरदार स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में जमकर आतिशबाजी की और मिठाई (लड्डू) बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
संघर्ष रंग लाया, अब मिलेगी अलवर जाने से मुक्ति: बार संघ के उपाध्यक्ष मोहित जैन (एडवोकेट) ने बताया कि रामगढ़ में एडीजे कोर्ट की स्थापना के लिए अधिवक्ताओं और ग्रामीणों ने लंबा संघर्ष किया, धरने-प्रदर्शन किए और नेताओं को ज्ञापन सौंपे। इस उपलब्धि में अलवर सांसद भूपेंद्र यादव और स्थानीय विधायक सुखवंत सिंह के लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही।
अधिवक्ता संघ ने केंद्रीय मंत्री और विधायक का आभार जताते हुए कहा कि एडीजे कोर्ट शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को गंभीर व उच्च स्तरीय न्यायिक मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार अलवर जाने की भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी और उनका समय व पैसा दोनों बचेगा।
स्वागत समारोह में ये रहे मौजूद: इस खास मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार यादव, दिनेश शर्मा, राकेश यादव, मोहित जैन, संजय कुमार, राजेश जैन, लखविंदर सिंह, सुनील यादव, चरणजीत सिंह (गोल्डी), राजू राम सांवरिया और अविनाश सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

