रामधाम खेड़ापा में रामदासजी महाराज का आषाढ़ी बरसी महोत्सव 6 जुलाई को, देशभर से पहुंचेंगे श्रद्धालु
आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के सानिध्य में सजेगा आषाढ़ी बरसी महोत्सव
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा) बावड़ी के खेड़ापा स्थित अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय की प्रमुख आचार्य पीठ रामधाम खेड़ापा मंदिर के आदि संस्थापक रामदासजी महाराज के निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में आषाढ़ी बरसी महोत्सव का आयोजन 6 एवं 7 जुलाई को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किया जाएगा। इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव के तहत आषाढ़ कृष्ण षष्ठी सोमवार 6 जुलाई को वार्षिक बरसी महोत्सव जागरण आयोजित होगा, जिसमें संतवाणी, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनों से संपूर्ण रामधाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। वहीं आषाढ़ कृष्ण सप्तमी, मंगलवार 7 जुलाई को पाटोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान, पूजन एवं संतों का सानिध्य रहेगा।
यह संपूर्ण आयोजन रामधाम खेड़ापा के पीठाधीश्वर आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के पावन सानिध्य और उत्तराधिकारी संत गोविन्दराम शास्त्री के निर्देशन में सम्पन्न होगा। श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं, ताकि वे श्रद्धा और अनुशासन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।
जो श्रद्धालु किसी कारणवश रामधाम नहीं पहुँच पाएंगे, उनके लिए वार्षिक बरसी महोत्सव जागरण का सीधा प्रसारण देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं से ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से भी महोत्सव में सहभागी बनने का दिया न्योता है।


