जिला स्तरीय खेलों में सेठ रामसुख राठी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, कबड्डी व कुश्ती में उपविजेता बन बढ़ाया बावड़ी का मान
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में सेठ रामसुख राठी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेड़ापा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए पूरे बावड़ी ब्लॉक का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की टीमों ने कबड्डी और कुश्ती, दोनों ही स्पर्धाओं में जिला स्तर पर उपविजेता (द्वितीय स्थान) बनने का शानदार गौरव हासिल किया।
- कबड्डी और कुश्ती में दिखाया दमखम
जालेली नायला में आयोजित 14 वर्ष छात्र वर्ग की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय गादेरी में आयोजित 14 वर्ष बालिका वर्ग जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भी सेठ रामसुख राठी विद्यालय की बालिकाओं ने दांव-पेच और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने की उपलब्धि हासिल की।
- खेड़ापा और बावड़ी क्षेत्र में खुशी की लहर
खिलाड़ियों की इस बड़ी सफलता से विद्यालय परिवार सहित खेड़ापा गांव और पूरे बावड़ी ब्लॉक में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के निदेशक केशव दास शास्त्री ने बताया कि उनका विद्यालय पिछले 3 वर्षों से लगातार जिला स्तर पर अपनी खेल क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने सभी विजयी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी निरंतर मार्गदर्शन और सुविधाएं दी जा रही हैं। जिला स्तर पर मिली यह सफलता खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

