पीपलीपाड़ा ग्राम में घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप, पिता-पुत्र घायल लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने का आरोप
महुवा (अवधेश अवस्थी): क्षेत्र के बालाहेड़ी थाना क्षेत्र के पीपलीपाड़ा गांव में घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला करने का मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- कट्टी कूटने गए थे पिता, पीछे से हुआ हमला
बालाहेड़ी थाना अधिकारी सत्यनारायण बसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रार्थी लोकेश मीणा पुत्र रमेश चंद्र मीणा (निवासी पीपलीपाड़ा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय लोकेश के पिता रमेश चंद्र कुट्टी कूटने गए हुए थे, जबकि घर पर लोकेश, काजल और मनीषा मौजूद थे।
इसी दौरान अचानक करीब 30 लोग हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी।
- बीच-बचाव करने आए बेटे को भी पीटा, हाथ टूटा
हमलावरों ने रमेश चंद्र के घर लौटते ही उनके सिर पर डंडों और पत्थरों से जानलेवा वार कर दिए। शोर-शराबा सुनकर जब लोकेश मीणा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस खूनी संघर्ष में लोकेश के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उनका एक हाथ भी टूट गया।
- हायर सेंटर रेफर किए गए घायल
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत महुवा के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में इस सनसनीखेज घटना के बाद से तनाव का माहौल है।

