ग्राम पंचायत छिलोडी में सामुदायिक जागरूकता बैठक हुई आयोजित
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) समीपवर्ती रैणी क्षेत्र के ग्राम पंचायत छिलोडी मे सामुदायिक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दलित अधिकार केन्द्र, जिला अलवर द्वारा किया गया।
बैठक के मुख्य वक्ता शैलेष गौतम (जिला समन्वयक, दलित अधिकार केन्द्र, जिला अलवर) रहे। उन्होंने कहा कि दलित, वंचित और ग्रामीण समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक विकास तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुंचे। उन्होंने कहा कि दलित अधिकार केन्द्र का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों, कानूनों और विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि वे स्वयं अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें।
अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त समानता का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, बाल अधिकार कानून, श्रम कानून, भूमि एवं आवास से जुड़े अधिकार, तथा एससी/एसटी डेवलपमेंट फंड एक्ट, 2022 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कानून सामाजिक एवं आर्थिक विकास को संस्थागत रूप देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, और इसका प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है जब समुदाय स्वयं जागरूक और संगठित हो।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कोली, मुंशी राम वर्मा एवं मीरा देवी ने भी वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने ग्रामीण समुदाय से आह्वान किया कि वे शिक्षा, संगठन और कानूनी समझ के माध्यम से भेदभाव, शोषण और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं।
बैठक में सुरेश बैरवा, घीसाराम बैरवा, कंचन, कमला, राजेश वर्मा सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक न्याय, समानता और अधिकार आधारित सोच को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समाज में जागरूकता बढ़ाकर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करना रहा।