राजगढ़ पीजी कॉलेज के सेमिनार हॉल में शॉर्ट सर्किट से एसी का कंप्रेसर फटा; टला बड़ा हादसा
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता : राजगढ़ कस्बे के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कॉलेज की दूसरी मंजिल पर स्थित सेमिनार हॉल में एसी (एयर कंडीशनर) में शॉर्ट सर्किट होने के कारण भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का बौद्धिक सत्र चल रहा था और आग लगते ही बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
कंप्रेसर फटने से मची अफरा-तफरी प्राचार्य देशराज वर्मा ने जानकारी दी कि सेमिनार हॉल में छात्र-छात्राएं बैठे हुए थे, तभी अचानक एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग लग गई। आग लगने से एसी का कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में एसी और फर्श पर बिछा हुआ कार्पेट जलकर खाक हो गया।
कॉलेज कर्मियों की मुस्तैदी से टला संकट हादसे के तुरंत बाद कॉलेज के कर्मचरियों ने स्थानीय स्तर पर तत्परता दिखाते हुए करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रतनलाल बंशीवाल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
तहसीलदार रतनलाल बंशीवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का मुख्य कारण एसी में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य को प्रत्येक कमरे में सुरक्षा उपकरण और अग्निशामक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

