म्यूल अकाउंट खोलकर साइबर ठगों को ट्रांसफर करता था रकम, 4 राज्यों की शिकायतों पर गोविंदगढ़ पुलिस ने चाचा को किया गिरफ्तार
गोविंदगढ़ (अलवर) कहते हैं परिवार के बड़े-बुजुर्गों से उम्मीद की जाती है कि वे युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोकें और उन्हें सही दिशा दिखाएं। लेकिन गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चाचा ने सही रास्ता दिखाने के बजाय खुद कमीशन के लालच में आकर अपने भतीजे के साइबर अपराध के धंधे में साझेदारी कर ली। पुलिस ने साइबर ठगी के लिए 'म्यूल अकाउंट' (Mule Account) उपलब्ध कराने और ठगी की राशि को ठिकाने लगाने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते से देश के चार अलग-अलग राज्यों से की गई ठगी का कनेक्शन सामने आया है।
भतीजा करता था ठगी, चाचा को मिलता था 10% कमीशन
थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मौसम खान (40) पुत्र दीना खान, निवासी अखैसिंह का बास, छतरपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासे किए, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया।
आरोपी मौसम खान ने कुबूल किया कि उसका भतीजा फैजान पुत्र हनीफ (निवासी छतरपुर) ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देता है। फैजान ने अपने चाचा मौसम खान को जाल में फंसाते हुए कहा था कि उसे साइबर ठगी से आने वाली रकम को सुरक्षित जमा कराने के लिए एक बैंक खाते की जरूरत है। अगर वह खाता देता है, तो उसे हर ट्रांजैक्शन पर मोटा कमीशन मिलेगा।
लंबे समय से सक्रिय था चाचा-भतीजे का नेटवर्क:
10 फीसदी कमीशन के लालच में आकर चाचा मौसम खान ने मर्यादा ताक पर रख दी। उसने न सिर्फ अपना बैंक खाता, बल्कि मोबाइल फोन और उससे संचालित गूगल पे (Google Pay) अकाउंट भी भतीजे फैजान को सौंप दिया। इसके बाद देशभर से होने वाली ठगी की रकम मौसम खान के खाते में गिरती रही और वह अपना 10% हिस्सा काटकर बाकी रकम साइबर ठगों को सौंपता रहा।
चार राज्यों की शिकायतों से खुला राज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के खाते पर लगातार संदिग्ध ट्रांजैक्शन हो रहे थे, जिसके बाद केंद्रीय साइबर हेल्पलाइन पर देश के अलग-अलग कोनों से शिकायतें दर्ज हुईं।
- जनवरी 2024: गुजरात से शिकायत दर्ज हुई।
- जनवरी 2024: महाराष्ट्र से पुलिस को शिकायत मिली।
- दिसंबर 2025: महाराष्ट्र से पुनः शिकायत दर्ज कराई गई।
- जनवरी 2026: बेंगलुरु (कर्नाटक) से साइबर ठगी की शिकायत मिली।
जब पुलिस ने इन सभी शिकायतों की कड़ियों को आपस में जोड़ा, तो सबका लिंक मौसम खान के बैंक खाते से जाकर मिला। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया।
कोर्ट ने भेजा एक दिन के रिमांड पर
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी मौसम खान को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी भतीजे फैजान की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत और अन्य संदिग्ध बैंक खातों की भी गहनता से जांच की जा रही है।


