कौशल्यम इंस्टीट्यूट का औचक निरीक्षण: स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर में मिलीं खामियों पर सचिव ने दिए सुधार के निर्देश
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला सत्र न्यायाधीश), खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास के निर्देश पर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुडी ने खैरथल स्थित 'कौशल्यम इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग एंड रिसर्च (शिव ज्योति मनोविकास विद्यालय)' का औचक निरीक्षण किया। यह संस्थान विशेष रूप से मानसिक और शारीरिक रूप से पिछड़े बच्चों के कल्याण और शिक्षा के लिए संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सचिव अजीत कुडी ने संस्थान की प्रशासनिक, शैक्षणिक और भौतिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, परिसर की साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करने के साथ-साथ संस्थान के आधिकारिक दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच की।
संस्थान की काउंसलर पियुषी ने निरीक्षण दल को सूचित किया कि वर्तमान में ग्रीष्मावकाश के कारण परिसर में साफ-सफाई का कार्य चल रहा है और संस्थान में कुल दस शिक्षकों का स्टाफ कार्यरत है। हालांकि, सचिव द्वारा स्टाफ के दैनिक उपस्थिति रजिस्टर की जांच करने पर उसमें कुछ गंभीर खामियां और अनियमिताएं पाई गईं।
रजिस्टर में मिली इन कमियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सचिव अजीत कुडी ने संस्थान प्रबंधन को सभी आधिकारिक रिकॉर्ड तुरंत अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान के कार्यों में पूरी पारदर्शिता और अनुशासन अनिवार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के दौरान खैरथल-तिजारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कनिष्ठ सहायक पुनीत शर्मा और पीएलवी सूरजभान कछवाहा भी सचिव के साथ मौजूद रहे।


